कानपुर देहात। रिजर्व पुलिस लाइंस में बुधवार को अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ (आईपीएस) एवं पुलिस उप महानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र यमुना प्रसाद ने पत्रकार बंधुओं के साथ संवाद गोष्ठी आयोजित की। कार्यक्रम का उद्देश्य पत्रकारों की समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं को सुनकर उनके प्रभावी समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देना था।
गोष्ठी में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए पत्रकारों ने जनहित से जुड़े मुद्दों, स्थानीय समस्याओं तथा सूचना तंत्र से संबंधित सुझावों को प्रमुखता से रखा। एडीजी और डीआईजी ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों और पत्रकारों के बीच खुला संवाद हुआ, जिसमें कानून-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, जनसरोकारों तथा सूचनाओं के आदान-प्रदान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने लोकतांत्रिक व्यवस्था में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासन और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय से जनहित के कार्यों को अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा सकता है।
उन्होंने भविष्य में भी पत्रकारों और पुलिस प्रशासन के बीच मजबूत संवाद एवं सहयोग बनाए रखने पर जोर देते हुए जनहित के मामलों में त्वरित सूचना साझाकरण का आश्वासन दिया।













