कानपुर देहात। कानपुर जोन की 28वीं अन्तर जनपदीय जोनल पुलिस वॉलीबाल क्लस्टर (महिला/पुरुष) प्रतियोगिता वर्ष-2026 का आयोजन रिजर्व पुलिस लाइन ग्राउंड, कानपुर देहात में 22 जून से 24 जून तक किया जा रहा है। प्रतियोगिता के दूसरे दिन खेले गए मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया।
पुरुष वर्ग वॉलीबाल प्रतियोगिता के पहले सेमीफाइनल में कानपुर देहात ने झांसी को 3-0 सेट से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में कन्नौज ने इटावा को 3-1 सेट से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई।
महिला वर्ग वॉलीबाल प्रतियोगिता के पहले सेमीफाइनल में कानपुर देहात ने फतेहगढ़ को 2-0 सेट से हराया, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में कमिश्नरेट कानपुर नगर ने इटावा को 2-0 सेट से शिकस्त दी। इसके बाद खेले गए फाइनल मुकाबले में कमिश्नरेट कानपुर नगर ने कानपुर देहात को 3-2 सेट से हराकर महिला वर्ग का खिताब अपने नाम कर लिया।
किक वॉलीबाल प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में कानपुर देहात ने फतेहगढ़ को 2-1 सेट से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल में कमिश्नरेट कानपुर नगर ने इटावा को 2-1 सेट से पराजित किया। फाइनल मुकाबले में कानपुर देहात ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कमिश्नरेट कानपुर नगर को 3-1 सेट से हराकर चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया।
अब प्रतियोगिता का अंतिम और सबसे महत्वपूर्ण मुकाबला 24 जून को शाम 5 बजे खेला जाएगा, जिसमें पुरुष वर्ग वॉलीबाल का फाइनल मैच कानपुर देहात और कन्नौज के बीच होगा। इस मुकाबले को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है।














