कानपुर देहात। अपराध नियंत्रण और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना सिकन्दरा पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने दहेज हत्या के मामले में वांछित आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 22 जून 2026 को अनमोल पुत्र फूलचंद निवासी कसहरी, थाना बेला, जनपद औरैया ने थाना सिकन्दरा में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी बहन मिंकू रानी को ससुराल पक्ष द्वारा दहेज में सामान और रुपये की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जाता था। मांग पूरी न होने पर उसके साथ आए दिन मारपीट और उत्पीड़न किया जाता था। 19 जून 2026 को मिंकू रानी की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई थी।
शिकायत के आधार पर थाना सिकन्दरा में पति राजकुमार, सास जयदेवी और ननद राखी के विरुद्ध दहेज हत्या एवं दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की विवेचना के दौरान थाना सिकन्दरा पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी राजकुमार पुत्र रामगोपाल, निवासी मदनपुर, थाना सिकन्दरा को 23 जून 2026 को रसधान पुल से करीब 200 मीटर दूर जरौली मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है, जबकि मामले में अन्य आरोपियों की तलाश और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।














