कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के क्रम में जनपद कानपुर देहात में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) के उपयोग को बढ़ावा देने हेतु आवश्यक कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है। जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों के दृष्टिगत पर्यावरण संरक्षण को प्रोत्साहित करने तथा खाना पकाने के ईंधन के रूप में स्वच्छ एवं सुरक्षित ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शासन द्वारा एलपीजी उपभोक्ताओं को पीएनजी गैस पर स्थानांतरित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
जनपद में अधिकृत सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूटर के रूप में टोरेंट गैस लिमिटेड द्वारा नगर पंचायत अकबरपुर एवं जैनपुर स्थित नियोजित औद्योगिक क्षेत्र में पीएनजी गैस वितरण नेटवर्क स्थापित किया गया है, जो पूर्ण रूप से संचालित है। ऐसे में उक्त क्षेत्रों के एलपीजी उपभोक्ताओं एवं परिवारों से अनुरोध किया गया है कि वे अपने घरों में खाना पकाने के लिए पीएनजी गैस का उपयोग करें तथा इसके लिए अपनी संबंधित गैस एजेंसी अथवा टोरेंट गैस लिमिटेड के अधिकृत प्रतिनिधियों से संपर्क कर पीएनजी गैस कनेक्शन प्राप्त करें।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि पीएनजी गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने हेतु टोरेंट गैस लिमिटेड के अधिकृत अधिकारियों को नामित किया गया है। उपभोक्ता सहायक प्रबंधक अखलाक अहमद (मो. 9974006934) तथा रोहित आनंद (मो. 6357233518) से संपर्क कर सकते हैं।
इसके अतिरिक्त पीएनजी गैस कनेक्शन प्राप्त करने में किसी भी प्रकार की समस्या अथवा जानकारी के लिए श्री प्रभाश, सहायक महाप्रबंधक, टोरेंट गैस लिमिटेड, कानपुर देहात (मो. 7069002791) से भी संपर्क किया जा सकता है।
जिला पूर्ति अधिकारी ने संबंधित गैस एजेंसियों को निर्देशित किया है कि वे अपने क्षेत्र के उपभोक्ताओं को पीएनजी गैस के लाभों के संबंध में जागरूक करते हुए उन्हें पीएनजी कनेक्शन लेने हेतु प्रेरित करें, जिससे स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा मिल सके और पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य की पूर्ति हो सके।













