गंगा ग्राम जलालपुर में जिला गंगा समिति कानपुर देहात द्वारा उत्साहपूर्वक मनाया गया 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, योग एवं पर्यावरण संरक्षण का दिया गया संदेश

 

 

कानपुर देहात 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद कानपुर देहात के गंगा ग्राम जलालपुर, विकास खण्ड संदलपुर में जिला गंगा समिति द्वारा भव्य एवं जनसहभागिता आधारित योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशों के क्रम में, मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल, नोडल अधिकारी जिला गंगा समिति कानपुर देहात के निर्देशन में, प्रभागीय वनाधिकारी प्रोमिला के मार्गदर्शन में तथा जिला परियोजना अधिकारी जिला गंगा समिति विवेक कुमार सैनी के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि, वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एमएलसी अविनाश सिंह चौहान द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिला परियोजना अधिकारी विवेक कुमार सैनी द्वारा मुख्य अतिथि एवं उपस्थित अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। तत्पश्चात योग सत्र का शुभारम्भ योग मंत्र के साथ किया गया। योग प्रशिक्षक मो0 मारूफ द्वारा उपस्थित जनसमुदाय को योग एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। योगाभ्यास के दौरान प्रतिभागियों को ताड़ासन, वृक्षासन, पादहस्तासन, त्रिकोणासन, भद्रासन, वज्रासन, उष्ट्रासन, शशांकासन, भुजंगासन, मकरासन, पवनमुक्तासन, सेतुबंधासन, शवासन, कपालभाति तथा अनुलोम-विलोम प्राणायाम कराया गया। प्रशिक्षक द्वारा प्रत्येक योगाभ्यास के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक लाभों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया तथा नियमित योग को स्वस्थ जीवन की अनिवार्य आदत के रूप में अपनाने का संदेश दिया गया।
मुख्य अतिथि एमएलसी अविनाश सिंह चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जिसे आज सम्पूर्ण विश्व ने स्वीकार किया है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं बल्कि जीवन को संतुलित, अनुशासित एवं तनावमुक्त बनाने की एक समग्र जीवनशैली है। उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय से प्रतिदिन योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया तथा कहा कि स्वस्थ नागरिक ही सशक्त समाज और विकसित राष्ट्र की नींव होते हैं। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण एवं योग के संबंध को रेखांकित करते हुए अधिकाधिक पौधारोपण का भी संदेश दिया।
क्षेत्रीय उपाध्यक्ष महिला मोर्चा रागिनी भदौरिया ने अपने वक्तव्य में कहा कि योग महिलाओं, युवाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए समान रूप से उपयोगी है तथा स्वस्थ परिवार और स्वस्थ समाज के निर्माण में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने महिलाओं से योग को दैनिक दिनचर्या में शामिल करने तथा परिवार स्तर पर स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया।
चेयरमैन प्रतिनिधि योगेंद्र पाल ने कहा कि वर्तमान समय की भागदौड़ भरी जीवनशैली में योग मानसिक शांति एवं शारीरिक सुदृढ़ता का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि गांव स्तर पर इस प्रकार के कार्यक्रमों से जनजागरूकता बढ़ती है तथा नई पीढ़ी भारतीय परंपराओं से जुड़ती है।
योग कार्यक्रम के उपरांत पर्यावरण संरक्षण एवं हरित संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से मुख्य अतिथि एवं अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा फलदार पौधों का पौधारोपण किया गया।
कार्यक्रम में एनजीओ अलंकृत जनकल्याण फाउंडेशन एवं वीर अब्दुल हमीद फाउंडेशन द्वारा सक्रिय सहभागिता की गई तथा योग, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने एवं पर्यावरण संरक्षण हेतु योगदान देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन शांति मंत्र के साथ किया गया। कार्यक्रम में उपस्थिति अतिथियों को जिला परियोजना अधिकारी जिला गंगा समिति द्वारा स्मृति चिन्ह भेंट किए गए तथा मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों व प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में परवेज कटियार जिला पंचायत सदस्य निधि कटियार ग्राम प्रधान जलालपुर डेरापुर, विनोद कटियार ग्राम गंगा समिति अध्यक्ष, महेंद्र पाल अलंकृत जनकल्याण सेवा समिति के सदस्य, नरेश सेंगर सहकारिता समिति अध्यक्ष, वंदना सिंह समाज सेविका एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें