कानपुर देहात के राजपुर कस्बे स्थित मुखर्जी नगर में मंगलवार को 63 केवीए का ट्रांसफार्मर जल जाने से करीब 40 घरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। भीषण गर्मी के बीच लोगों को लगभग 35 घंटे तक अंधेरे में रहने को मजबूर होना पड़ा। मामले को जन संदेश 24 ने प्रमुखता से प्रकाशित किया, जिसके बाद बिजली विभाग हरकत में आया और बुधवार देर रात बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।
जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे ट्रांसफार्मर फुंकने से पूरे इलाके की बिजली गुल हो गई थी। स्थानीय निवासियों अनुपम तिवारी, गोपाल मिश्रा, रामू कटियार, दीपक मिश्रा, दीपू वर्मा, वीरेंद्र अवस्थी और हर्ष शुक्ला ने बताया कि शिकायत के बावजूद लंबे समय तक ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया।
बुधवार रात करीब 11:44 बजे नया ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति सुचारू की गई। अवर अभियंता राहुल साहू ने बताया कि वर्कशॉप से ट्रांसफार्मर उपलब्ध होने में समय लगने के कारण आपूर्ति बहाल करने में देरी हुई।
बिजली आने के बाद क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली और रात में घरों में पानी भरने समेत अन्य जरूरी कार्य पूरे किए।
संवाददाता
साहिल कटियार
सिकंदरा कानपुर देहात












