राज्य अध्यापक पुरस्कार-2025 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू

कानपुर देहात। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से राज्य अध्यापक पुरस्कार-2025 के लिए चयन प्रक्रिया, दिशानिर्देश और समयसारिणी जारी कर दी गई है। इसके लिए पात्र शिक्षक 7 से 30 जून तक प्रेरणा पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। जारी निर्देश के अनुसार शिक्षक आवेदन के साथ अपना पोर्टफोलियो भी देंगे। पुरस्कार के लिए केवल नियमित रूप से कार्यरत शिक्षक-शिक्षिका ही पात्र होंगे। आवेदन के लिए न्यूनतम 15 साल की नियमित सेवा और सेवानिवृत्ति में कम से कम पांच साल की अवधि शेष होनी चाहिए। एक से 20 जुलाई तक जिला चयन समितियां प्राप्त आवेदनों का परीक्षण, अभिलेख सत्यापन और मूल्यांकन करेंगी। चयनित आवेदनों को राज्य चयन समिति को भेजा जाएगा। राज्य स्तर पर एक से 14 अगस्त तक पुनर्मूल्यांकन, प्रस्तुतीकरण व साक्षात्कार होगा। शिक्षकों का मूल्यांकन 100 अंकों पर किया जाएगा। अंतिम चयन राज्य स्तरीय समिति द्वारा किया जाएगा। इसमें विद्यालय में नामांकन वृद्धि, ड्रॉपआउट में कमी, निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों की प्राप्ति, नवाचार आधारित शिक्षण, डिजिटल तकनीक के प्रयोग, विद्यार्थियों की शैक्षिक उपलब्धियों, सामुदायिक सहभागिता व विद्यालय विकास में योगदान जैसे मानक रखे गए हैं। बीएसए आशीष कुमार पाण्डेय ने अधिक से अधिक शिक्षकों से आवेदन करने की अपील की है।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें