अकबरपुर, कानपुर देहात। कानून एवं शांति व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा आमजन में सुरक्षा की भावना सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय एवं अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद ने थाना अकबरपुर क्षेत्र में पुलिस बल के साथ पैदल गश्त की।
पैदल गश्त के दौरान अधिकारियों ने कस्बा अकबरपुर से माती-अकबरपुर रोड तथा आसपास के मिश्रित आबादी वाले इलाकों, बाजारों और संवेदनशील स्थलों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान आमजन से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने गए तथा उन्हें सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी दी गई।
गश्त के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग भी की गई। बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों, संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों की जांच कर पुलिस कर्मियों को सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और राहगीरों से संवाद कर किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु अथवा गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनपद में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पैदल गश्त, वाहन चेकिंग और अन्य सुरक्षा अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं। कानपुर देहात पुलिस जनपदवासियों की सुरक्षा, सेवा और विश्वास के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।













