एडीजी कानपुर जोन, आईजी झांसी परिक्षेत्र, जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण, अंतिम दिन भी व्यवस्थाएं रहीं चाक-चौबंद
जालौन उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा-2025 का अंतिम दिन जनपद में पूर्णतः नकलविहीन, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सकुशल संपन्न हुआ। परीक्षा के सफल संचालन हेतु प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा व्यापक सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की गई, जिसके परिणामस्वरूप परीक्षा पूरी तरह व्यवस्थित एवं निष्पक्ष ढंग से सम्पन्न हुई।
अंतिम दिन अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन, कानपुर अनुपम कुलश्रेष्ठ, पुलिस महानिरीक्षक, झांसी परिक्षेत्र आकाश कुलहरि, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन तलाशी, बायोमेट्रिक सत्यापन, सीसीटीवी निगरानी, कंट्रोल रूम व्यवस्था तथा सुरक्षा प्रबंधों का निरीक्षण करते हुए केंद्र व्यवस्थापकों एवं ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण परीक्षा संचालन के निर्देश दिए।
जनपद में अंतिम दिन दोनों पालियों में कुल 6,528 अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा आयोजित की गई। प्रथम पाली में 3,264 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 2,632 अभ्यर्थी उपस्थित तथा 632 अनुपस्थित रहे, जबकि द्वितीय पाली में 3,264 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 2,641 अभ्यर्थी उपस्थित एवं 623 अनुपस्थित रहे। इस प्रकार अंतिम दिन दोनों पालियों में कुल 5,273 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 1,255 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध रहा और सभी विभागों के समन्वित प्रयासों से भर्ती परीक्षा का आयोजन सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।










