कानपुर देहात। अपराध नियंत्रण अभियान के तहत थाना शिवली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जंगल क्षेत्र में मोबाइल की रोशनी में जुआ खेल रहे 10 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से कुल 58,400 रुपये नकद, 52 ताश के पत्ते, 1,000 रुपये का पुराना नोट, 7 मोबाइल फोन तथा 5 मोटरसाइकिल बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार मुखबिर की सूचना पर थाना शिवली पुलिस टीम ने ग्राम लुधौरा के आगे बाघपुर चौकी क्षेत्र के जंगल में छापेमारी की। वहां मोबाइल की रोशनी में जुआ खेल रहे 10 लोगों को हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान फड़ से 54,200 रुपये तथा आरोपियों की जामा तलाशी से 4,200 रुपये बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपियों में कानपुर नगर और कानपुर देहात के निवासी शामिल हैं। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर थाना शिवली में मु.अ.सं. 206/2026 के तहत धारा 13 जुआ अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर सभी आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की है।
पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराध एवं अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।










