स्टालों का अवलोकन कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश, वृक्षारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कानपुर देहात आयुक्त, ग्राम्य विकास विभाग एवं जनपद कानपुर देहात के नोडल अधिकारी जी.एस. प्रियदर्शी की अध्यक्षता तथा मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल की उपस्थिति में विकास खंड मलासा के ग्राम डीघ में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। ग्राम चौपाल का शुभारंभ नोडल अधिकारी द्वारा वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के साथ किया गया। इसके उपरांत विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टालों का अवलोकन कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
ग्राम चौपाल के दौरान नोडल अधिकारी ने बच्चों का अन्नप्राशन एवं गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति, क्रियान्वयन एवं लाभार्थियों तक पहुंच की गहन समीक्षा की। साथ ही ग्रामीणों से सीधे संवाद कर योजनाओं के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया तथा उनकी समस्याओं को सुनकर संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मुख्यमंत्री आवास योजना की समीक्षा के दौरान ग्रामीणों ने योजनाओं के प्रति संतोष व्यक्त किया। नोडल अधिकारी ने निर्देश दिए कि कोई भी पात्र व्यक्ति आवास योजना के लाभ से वंचित न रहे तथा पात्र लाभार्थियों को प्राथमिकता के आधार पर योजना से जोड़ा जाए।
स्वयं सहायता समूहों की समीक्षा करते हुए उन्होंने समूहों की संख्या बढ़ाने तथा अधिक से अधिक महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूह महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण का प्रभावी माध्यम हैं। समूहों को बैंक लिंकेज, स्वरोजगार एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़कर उनकी आय में वृद्धि सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर आयुष्मान भारत योजना के पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। नोडल अधिकारी ने निर्देश दिए कि कोई भी पात्र परिवार आयुष्मान योजना के लाभ से वंचित न रहे। साथ ही निराश्रित, वृद्ध एवं पात्र व्यक्तियों को पेंशन योजनाओं से जोड़ने तथा निराश्रित गोवंशों को गौशालाओं में संरक्षित करने के निर्देश भी दिए गए।
ग्राम चौपाल में कृषि, सिंचाई, स्वास्थ्य, राजस्व, पुलिस, विद्युत, शिक्षा, स्वच्छ भारत मिशन, पेंशन एवं राशन विभाग सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा की गई। ग्रामीणों द्वारा योजनाओं के क्रियान्वयन पर संतोष व्यक्त किए जाने पर नोडल अधिकारी ने सभी योजनाओं के पारदर्शी, प्रभावी एवं समयबद्ध संचालन के निर्देश दिए।
उन्होंने विद्युत विभाग को प्राप्त शिकायतों के त्वरित निस्तारण, विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने तथा सभी पात्र व्यक्तियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार तिवारी, डीसी मनरेगा अशोक कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी विकास पटेल, जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारीगण, ग्राम प्रधान, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। ग्राम चौपाल में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को प्रदान की गई।














