कानपुर देहात। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय एवं अपर पुलिस अधीक्षक ने अपने-अपने कार्यालयों में जनसुनवाई कर फरियादियों और पीड़ितों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने शिकायतकर्ताओं को सम्मानपूर्वक बैठाकर उनकी बातों को गंभीरता से सुना तथा निष्पक्ष और समयबद्ध न्याय का भरोसा दिलाया।
जनसुनवाई के दौरान प्राप्त प्रार्थना पत्रों का अवलोकन करते हुए पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को मामलों के न्यायपूर्ण एवं निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान पुलिस की प्राथमिकता है और शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसी क्रम में जनपद के सभी क्षेत्राधिकारियों ने भी अपने-अपने कार्यालयों में जनसुनवाई कर फरियादियों की समस्याओं को सुना। अधिकारियों ने शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण एवं आवश्यक विधिक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
पुलिस विभाग के अनुसार जनसुनवाई का उद्देश्य आमजन की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना तथा पुलिस और जनता के बीच विश्वास को और मजबूत बनाना है।











