मेधा का सम्मान, सपनों को नई उड़ान, मुख्यमंत्री ने मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित

 

हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के जनपद के टॉप-10 छात्र-छात्राओं को 21-21 हजार रुपए राशि से सम्मान और प्रोत्साहन, विकास भवन में हुआ सजीव प्रसारण

जालौन प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री द्वारा आज लोक भवन सभागार, लखनऊ से आयोजित मेधावी छात्र सम्मान समारोह में माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। प्रदेश स्तर पर कुल 1,682 मेधावी छात्र-छात्राओं, उनके अभिभावकों एवं प्रधानाचार्यों को सम्मानित करते हुए मुख्यमंत्री ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं तथा शिक्षा को राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति बताया।
इस अवसर का सजीव प्रसारण जनपद जालौन में विकास भवन के रानी लक्ष्मीबाई सभागार में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से देखा गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी, सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा, कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी, विधान परिषद सदस्य प्रतिनिधि आर.पी. निरंजन, मयंक त्रिपाठी, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी, जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार पंडित सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान जनपद जालौन के हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शीर्ष 10-10 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। प्रत्येक मेधावी छात्र-छात्रा को 21,000 की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई, जिससे उनकी प्रतिभा को नई पहचान और आगे बढ़ने की प्रेरणा मिल सके।
हाईस्कूल परीक्षा में श्री बजरंग इंटर कॉलेज उरई के छात्र आदर्श दुबे ने 600 में 569 अंक प्राप्त कर जनपद में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि इंटरमीडिएट परीक्षा में ए०एम०वी० इंटर कॉलेज जालौन के छात्र तनु खरे ने 500 में 459 अंक प्राप्त कर जनपद में शीर्ष स्थान हासिल किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। आज सम्मानित हो रहे छात्र-छात्राएं न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे जनपद का गौरव हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए प्रयासरत रहने का आह्वान किया।
सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य कर रही है। मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान यह संदेश देता है कि प्रतिभा और परिश्रम का सदैव सम्मान होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को उच्च लक्ष्य निर्धारित कर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी ने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है जो व्यक्ति, समाज और राष्ट्र के भविष्य को नई दिशा देता है। उन्होंने सम्मानित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनके जीवन की नई शुरुआत है और उन्हें आगे भी उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखना चाहिए।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने जनपद के सभी मेधावी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार प्रतिभा को सम्मान और अवसर दोनों प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान विद्यार्थियों के परिश्रम, अभिभावकों के त्याग तथा शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जनपद एवं प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें