कानपुर देहात। मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला-255 के तहत जिले के 30 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित स्वास्थ्य शिविर में 1850 मरीजों का परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क दवाएं वितरित की गईं। मेले में 63 चिकित्सक और 130 पैरामेडिकल स्टाफ मौजूद रहे।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार 618 लोगों की कोविड हेल्प डेस्क पर जांच की गई तथा 28 गोल्डन कार्ड बनाए गए। बुखार से पीड़ित 167 मरीजों की जांच में मलेरिया और डेंगू का कोई भी मरीज पॉजिटिव नहीं मिला। वहीं 36 गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और 15 मरीजों को बेहतर उपचार के लिए उच्च स्वास्थ्य संस्थानों में रेफर किया गया।
मेले में त्वचा रोग, पेट संबंधी रोग, मधुमेह, उच्च रक्तचाप और एनीमिया के मरीजों का भी उपचार किया गया। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर 178 लोगों को तंबाकू छोड़ने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही 14-15 वर्ष की बालिकाओं को गर्भाशय कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी वैक्सीन लगाने का अभियान भी चलाया गया। स्वास्थ्य अधिकारियों ने विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।











