कानपुर देहात। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय एवं अपर पुलिस अधीक्षक ने सोमवार को अपने-अपने कार्यालयों में जनसुनवाई कर फरियादियों और पीड़ितों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं को सम्मानपूर्वक बैठाकर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और उन्हें निष्पक्ष न्याय का भरोसा दिलाया।
जनसुनवाई के दौरान प्राप्त प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को भेजते हुए उनके न्यायपूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जनता की शिकायतों का त्वरित समाधान उनकी प्राथमिकता है।
इसी क्रम में जनपद के सभी क्षेत्राधिकारियों ने भी अपने-अपने कार्यालयों में जनसुनवाई आयोजित कर फरियादियों की समस्याएं सुनीं तथा शिकायतों पर नियमानुसार और न्यायोचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपनी समस्याएं निर्भीक होकर पुलिस के समक्ष रखने की अपील की है।












