कानपुर देहात जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व द्वारा अवगत कराया गया कि कानपुर देहात के विकास खंड अकबरपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पतरा सड़वा में गत 26 मई 2025 को झोपड़ी में अचानक आग लग जाने की दुःखद घटना में पारुल पत्नी अजय (26 वर्ष) की जलकर दुखद मृत्यु हो गई थी। इस हृदयविदारक घटना के उपरांत प्रदेश सरकार ने संवेदनशीलता एवं तत्परता का परिचय देते हुए पीड़ित परिवार को राहत सहायता उपलब्ध कराई है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में आपदा से प्रभावित परिवार को शासन द्वारा अनुमन्य राहत सहायता प्रदान की गई। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने पीड़ित परिवार के यहाँ पहुंचकर शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात की तथा अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
कैबिनेट मंत्री ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि इस कठिन समय में प्रदेश सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ उनके साथ खड़ी है। उन्होंने परिजनों को आश्वस्त किया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार हर पीड़ित एवं जरूरतमंद परिवार की सहायता के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री द्वारा मृतका की पुत्री अनन्या के नाम ₹4 लाख की राहत सहायता का चेक प्रदान किया गया। परिजनों ने प्रदेश सरकार एवं प्रशासन द्वारा प्रदान की गई सहायता के लिए आभार व्यक्त किया।
जनपद प्रशासन ने भी आश्वस्त किया है कि पीड़ित परिवार को शासन की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत पात्रतानुसार अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।







