जालौन जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कलेक्ट्रेट अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित जनसुनवाई के दौरान दूर-दराज क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में राजस्व, पुलिस, विकास, विद्युत, पेयजल, पेंशन, आवास, भूमि विवाद, अतिक्रमण, चिकित्सा एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से संबंधित प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए।जिलाधिकारी ने प्रत्येक फरियादी की समस्या को ध्यानपूर्वक सुनते हुए कहा कि शासन की मंशा है कि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में पूरी पारदर्शिता, संवेदनशीलता एवं जवाबदेही सुनिश्चित की जाए तथा शिकायतकर्ता की संतुष्टि को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। जनसुनवाई के दौरान कई मामलों में तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि भूमि कब्जा, अवैध अतिक्रमण, राजस्व विवाद, सार्वजनिक शिकायतों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक प्रकरण की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही यह भी कहा कि यदि किसी प्रकरण में अनावश्यक विलंब अथवा लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय करते हुए आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।








