जिलाधिकारी ने की जिला उद्योग एवं व्यापार बन्धु की मासिक बैठक, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

कानपुर देहात जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल की उपस्थिति में जिला उद्योग एवं व्यापार बन्धु की मासिक बैठक मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार, कलेक्ट्रेट कानपुर देहात में सम्पन्न हुई। बैठक में जनपद के उद्यमियों एवं व्यापारी बन्धुओं द्वारा प्रस्तुत विभिन्न समस्याओं, सुझावों एवं मांगों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई तथा उनके त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि उद्यमियों एवं व्यापारियों की समस्याओं का समयबद्ध एवं संवेदनशीलता के साथ समाधान किया जाना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि औद्योगिक क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा निर्धारित रोस्टर के अनुसार निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराई जाए, जिससे उद्योगों का संचालन सुचारु रूप से हो सके। साथ ही औद्योगिक क्षेत्रों की सड़कों, नालों एवं नालियों की समय-समय पर मरम्मत और सफाई कराने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में आईटीआई उत्तीर्ण प्रशिक्षुओं को अप्रेंटिसशिप से जोड़ने के विषय पर भी चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण एवं अप्रेंटिसशिप की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे स्थानीय युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर प्राप्त हो सकें। जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी रनियां को निर्देशित किया कि औद्योगिक क्षेत्र में साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक कार्यों हेतु रोस्टर तैयार कर नियमित कार्यवाही सुनिश्चित कराई जाए। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने उद्यमी बन्धुओं से बढ़ी हुई न्यूनतम मजदूरी दरों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने की अपील की। जिलाधिकारी ने श्रमिकों को समय पर वेतन भुगतान, वेतन पर्ची उपलब्ध कराने, ओवरटाइम का नियमानुसार भुगतान करने, बोनस आदि का समय से वितरण करने तथा समय-समय पर श्रमिकों से संवाद स्थापित करने का भी आह्वान किया।
व्यापारी बन्धुओं द्वारा अकबरपुर कोतवाली के निकट सर्विस रोड तथा गजनेर में सार्वजनिक शौचालय निर्माण की मांग रखी गई। इस पर जिला पंचायत राज अधिकारी ने अवगत कराया कि प्रस्ताव स्वीकृत हो चुका है तथा शीघ्र ही निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त व्यापारी बन्धुओं द्वारा अन्य स्थानीय समस्याएं एवं सुझाव भी प्रस्तुत किए गए, जिन पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद, उपायुक्त उद्योग प्रभात कुमार, उपायुक्त राज्यकर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण, उद्यमी एवं व्यापारी बन्धु उपस्थित रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें