कानपुर देहात जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार में प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण आयोजन के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक, सह केंद्र व्यवस्थापक सहित संबंधित अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।
अपर जिलाधिकारी ने परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए बताया कि जनपद में 03 एवं 04 जून 2026 को कुल 04 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली प्रातः 09:30 बजे से 11:30 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 02:30 बजे से 04:30 बजे तक संचालित होगी। परीक्षा हेतु अकबरपुर इंटर कॉलेज, आरपीएस इंटर कॉलेज (रूरा), विवेकानंद राष्ट्रीय इंटर कॉलेज (पुखरायां) तथा दयानंद ग्राम औद्योगिक इंटर कॉलेज (बाढ़ापुर) को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
उन्होंने बताया कि 03 जून 2026 को कुल 2400 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे, जिनमें प्रथम पाली में 1127 तथा द्वितीय पाली में 1273 अभ्यर्थी शामिल होंगे। वहीं 04 जून 2026 को कुल 2295 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे, जिनमें प्रथम पाली में 1394 तथा द्वितीय पाली में 901 अभ्यर्थी सम्मिलित होंगे। दयानंद ग्राम औद्योगिक इंटर कॉलेज (बाढ़ापुर) में 03 जून को केवल द्वितीय पाली तथा 04 जून को केवल प्रथम पाली में परीक्षा आयोजित की जाएगी। 03 जून की प्रथम पाली एवं 04 जून की द्वितीय पाली में उक्त केंद्र पर परीक्षा आयोजित नहीं होगी।
अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों का पुनः भौतिक सत्यापन कर लिया जाए तथा पेयजल, स्वच्छ शौचालय, विद्युत आपूर्ति, पंखों की व्यवस्था एवं साफ-सफाई सहित सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं, जिससे अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने पुलिस विभाग को प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नकलविहीन परीक्षा संपन्न कराने के लिए सीसीटीवी कैमरों एवं वीडियोग्राफी की समुचित व्यवस्था करने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में बताया गया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है, जिन्हें पूर्व निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का सत्यापन करने के निर्देश दिए गए हैं। यातायात एवं परिवहन व्यवस्था के संबंध में अपर जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों के आसपास यातायात सुचारू रखा जाएउ तथा वाहनों की पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। साथ ही अभ्यर्थियों के आवागमन हेतु पर्याप्त परिवहन साधनों की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाए।
अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता, नकल अथवा परीक्षा को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय, पूर्ण सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ परीक्षा को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। बैठक में भर्ती बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों से भी सभी संबंधित अधिकारियों को विस्तारपूर्वक अवगत कराया गया।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद, जिला विद्यालय निरीक्षक ब्रजभूषण चौधरी सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।








