कानपुर। महोबा जनपद में नीट की तैयारी कर रही दलित छात्रा के अपहरण, सामूहिक दुष्कर्म एवं अमानवीय उत्पीड़न की घटना के विरोध में आज कानपुर महानगर कांग्रेस ने अध्यक्ष पवन गुप्ता की अगुआई में महामहिम राज्यपाल महोदया को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी कानपुर नगर के माध्यम से सौंपा।
महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं एवं बेटियों के साथ बढ़ रही अपराध की घटनाएं अत्यंत चिंताजनक हैं और यह प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था को दर्शाती हैं। उन्होंने कहा कि महोबा की घटना ने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है तथा प्रदेश की बेटियों में भय का माहौल बना दिया है। कांग्रेस पार्टी पीड़िता एवं उसके परिवार के साथ खड़ी है और दोषियों को कठोरतम सजा दिलाने तक संघर्ष जारी रखेगी।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि मामले में शामिल सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी कर फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाया जाए। साथ ही पीड़िता एवं उसके परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए तथा उचित आर्थिक सहायता एवं नि:शुल्क उपचार दिया जाए।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा केवल दावों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि जमीनी स्तर पर ठोस एवं प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं से आमजन में भय और असुरक्षा का माहौल है। यदि अपराधियों के खिलाफ समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो ऐसी घटनाओं में और बढ़ोतरी हो सकती है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार से महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने, अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी नीति लागू करने तथा पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय दिलाने की मांग की। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।
इस अवसर पर नरेश चंद्र त्रिपाठी, राजेश गौतम, प्रतिभा अटल पाल, इखलाख अहमद डेविड, रमाकांत मिश्रा, अवनीश सलूजा, धवल पांडे, राकेश साहू, शीलू श्रीवास्तव, पदम मोहन मिश्रा,आदि मौजूद रहे।












