कानपुर देहात में अवैध खनन, ओवरलोडिंग और बिना वैध परिवहन प्रपत्र के उपखनिज परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ा अभियान चलाया। खान अधिकारी के अनुसार 23 मई से 25 मई 2026 तक चले विशेष अभियान में जनपद स्तरीय टास्कफोर्स ने कुल 62 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की।
तहसील सिकन्दरा क्षेत्र में 23/24 मई की रात उपजिलाधिकारी सिकन्दरा, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी और खान अधिकारी ने पुलिस टीम के साथ खोजारामपुर से सिकन्दरा मार्ग पर संयुक्त चेकिंग की। इस दौरान बिना वैध प्रपत्र और ओवरलोडिंग में मौरम व बालू ले जा रहे 11 वाहनों को सीज कर पुलिस चौकी रसधान में निरुद्ध किया गया। वहीं मौरम और मिट्टी लदे दो अन्य वाहनों का ऑनलाइन चालान किया गया।
इसके बाद 24/25 मई की रात तहसील भोगनीपुर क्षेत्र में माती से भोगनीपुर मार्ग पर हासेमऊ स्थित आराध्या ढाबा के पास विशेष जांच अभियान चलाया गया। यहां 46 मौरम लदे वाहनों की जांच की गई, जिनमें से 15 वाहनों को थाना भोगनीपुर परिसर में निरुद्ध किया गया। कार्रवाई के दौरान कई वाहन चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए, जिसके चलते वाहनों को पुलिस निगरानी में ढाबा परिसर में ही खड़ा कराया गया।
इसके अतिरिक्त माती से बाराटोल मार्ग पर मौरम लदे दो वाहन और गिट्टी लदा एक वाहन भी पुलिस चौकी बारा में अग्रिम आदेश तक निरुद्ध किया गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिलाधिकारी कानपुर देहात के निर्देशन में अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।













