कानपुर देहात। अपराध नियंत्रण एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना रूरा पुलिस ने ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने अभियुक्त इश्तकार पुत्र मोहम्मद इस्लाम राईन तथा आकाश कुशवाहा पुत्र स्वर्गीय चन्द्रशेखर को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ऑनलाइन सट्टे में प्रयुक्त दो एंड्रायड मोबाइल फोन एवं ₹700 नगद बरामद किए। इस मामले में थाना रूरा में मु0अ0सं0 152/2026 के तहत धारा 13 जुआ अधिनियम एवं 112(2) बीएनएस के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई है।
इसके अलावा जनपद में शांति व्यवस्था कायम रखने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए कुल 14 व्यक्तियों का धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत चालान किया गया। इनमें थाना रूरा व गजनेर पुलिस द्वारा 2-2, थाना राजपुर पुलिस द्वारा 2, थाना रसूलाबाद पुलिस द्वारा 6 तथा थाना शिवली पुलिस द्वारा 2 व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।













