
कानपुर देहात। आगामी गंगा दशहरा एवं गंगा मेला-2026 के दृष्टिगत श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कानपुर देहात पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद के विभिन्न घाटों एवं जल स्रोतों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद एवं समस्त क्षेत्राधिकारीगण की मौजूदगी एवं पर्यवेक्षण में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चिन्हित 10 खतरनाक घाटों और स्थानों पर कुल 35 चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं। इन स्थानों पर स्नान पूर्णतः प्रतिबंधित है तथा डूबने की आशंका बनी रहती है। इसके साथ ही कई घाटों पर बैरिकेडिंग का कार्य भी कराया जा रहा है।
पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं एवं आमजन से अपील की है कि वे प्रतिबंधित एवं खतरनाक घाटों पर स्नान करने न जाएं तथा प्रशासन द्वारा लगाए गए चेतावनी बोर्डों और निर्देशों का पालन करें। प्रशासन ने कहा कि श्रद्धालु केवल सुरक्षित एवं निर्धारित घाटों पर ही स्नान और पूजा-अर्चना करें।
साथ ही अभिभावकों से बच्चों को गहरे पानी के पास न जाने देने की अपील की गई है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। पुलिस प्रशासन ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।










