
कानपुर देहात। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने शुक्रवार को पुलिस लाइन पहुंचकर शुक्रवार परेड की सलामी ली और परेड का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अनुशासन, सतर्कता और बेहतर कार्यप्रणाली को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
परेड निरीक्षण के बाद पुलिस अधीक्षक ने परेड में एकरूपता एवं अनुशासन बनाए रखने के उद्देश्य से टोलीवार ड्रिल भी करवाई। उन्होंने जवानों को बेहतर समन्वय और तत्परता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।
इस दौरान जनपद की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से पीआरवी वाहनों का भी निरीक्षण किया गया। पुलिस अधीक्षक ने वाहनों के रखरखाव, उपकरणों की उपलब्धता एवं आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
इसके उपरांत पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन के आदेश कक्ष पहुंचकर विभिन्न गार्द रजिस्टरों का निरीक्षण किया तथा गार्द की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गार्द कमांडरों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।










