रसूलाबाद कानपुर देहात। हाईस्कूल के विद्यार्थियों का विदाई समारोह व यूपी बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले व कक्षाओं में अव्वल आने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।विदाई समारोह के दौरान हाईस्कूल की परीक्षा में सफलतापूर्वक उत्तीर्ण हुए सभी छात्र-छात्राओं का शिक्षकों द्वारा माला पहनाकर भव्य स्वागत किया गया। विद्यालय प्रशासन की ओर से सभी सफल विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विशेष उपहार भेंट किए गए। इसके साथ ही, विद्यालय में शैक्षणिक स्तर को बढ़ावा देने के लिए कक्षा केजी से लेकर कक्षा 9 तक की परीक्षाओं में सर्वश्रेष्ठ अंक लाने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को भी मंच पर उपहार देकर सम्मानित किया गया। अनुशासन और नियमितता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कक्षा 1 से 9 तक के उन विद्यार्थियों का भी स्वागत हुआ, जिनकी उपस्थिति पूरे शैक्षणिक सत्र में नियमित रही।इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष मोहम्मद आरिफ ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि कठिन परिश्रम और निरंतरता ही सफलता की कुंजी है। प्रधानाचार्य विकास कुमार कुशवाहा ने सभी सफल छात्र-छात्राओं को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विदाई समारोह में मुख्य रूप से लिपिक राजीव कुमार अध्यापक आसकरन, मोहित कुमार, ब्रजमोहन, रविन्द्र कुमार, सुदेश कुमार,अध्यापिका प्रीति, जूली देवी उपस्थित रहीं।










