कानपुर देहात। भीषण गर्मी और लू के बीच परिषदीय स्कूलों में ग्रीष्मावकाश शुरू हो गया है। 20 मई से स्कूलों में छुट्टी हो गई है अब 16 जून को स्कूल खुलेंगे। बीएसए अजय कुमार मिश्रा ने सभी शिक्षकों को निर्देश दिया है कि स्कूलों के अभिलेख सहित अन्य सामग्री सुरक्षित रखवाकर कक्षों को बंद कराया जाए। इसके अलावा जिन बच्चों का नामांकन हुआ है उनका डाटा पोर्टल पर फीड करने का निर्देश भी शिक्षकों को दिया है। वहीं गर्मी की छुट्टी होते ही बच्चों ने खुशी जताई। मंगलवार को शिक्षण के बाद परिषदीय स्कूलों में 25 दिनों की गर्मी की छुट्टी हो गई है। गर्मी और लू के बीच स्कूलों में छुट्टी होने से शिक्षक व बच्चों को राहत मिली है। स्कूल अब 16 जून को फिर से खुलेंगे। स्कूलों में अवकाश शुरू होने से पहले भाषा को लेकर एक सप्ताह का कैम्प आयोजित किया गया। भीषण गर्मी को देखते हुए इंटरमीडिएट तक के सभी निजी स्कूलों में भी गर्मी की छुट्टियां कर दी गई हैं हालांकि इस बार सरकारी स्कूलों के शिक्षक छुट्टियों में जनगणना का काम करेंगे। जनगणना का काम 22 मई से शुरू हो गया है। शिक्षकों की ड्यूटी पहले से ही लगाकर प्रशिक्षण दिया जा चुका है। जनगणना को लेकर इस बार शिक्षक गर्मी की छुट्टियों में घूमने नहीं जा पाएंगे। कहने के लिए शिक्षकों को ग्रीष्मकालीन अवकाश दिया गया है लेकिन शिक्षक गांव की गलियों में पसीने से भीगे हुए घर-घर जाकर जनगणना कार्य कर रहे हैं। जनगणना कार्य में लगाए शिक्षकों/कार्मिकों ने प्रतिकर अवकाश यानी अवकाश में काम कराए जाने के बदले अवकाश की मांग की है पर अभी तक इस संदर्भ में कोई आदेश जारी नहीं किया गया है।










