कानपुर देहात। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को रूरा रोड स्थित एक बारूद की दुकान के पास झाड़ियों में अचानक आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। तेज हवाओं के चलते आग तेजी से फैलती चली गई और कुछ ही देर में आतिशबाजी की दुकान के बेहद करीब पहुंच गई, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
बताया गया कि मुख्य सड़क किनारे स्थित आतिशबाजी की दुकान के दोनों ओर सूखी झाड़ियां और घास उगी हुई थी। किसी अज्ञात कारण से इन झाड़ियों में आग लग गई। तेज हवा के झोंकों ने आग को और भड़काया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
आग और धुएं का गुबार देखकर सड़क से गुजर रहे राहगीर और वाहन चालक भी रुक गए। लोगों को सबसे ज्यादा डर इस बात का था कि कहीं बारूद की दुकान तक आग पहुंचने से बड़ा विस्फोट न हो जाए।
स्थानीय लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। समय रहते राहत कार्य शुरू होने से बड़ा हादसा टल गया।








