रसूलाबाद कानपुर देहात। लगातार तीन बड़ी परीक्षाएं उत्तीर्ण करने के बाद व्यापारी की बेटी ने क्षेत्र का मान बढ़ाया। जिसकी चर्चा खूब हो रही है।रसूलाबाद कस्बे के कबीर नगर के रहने वाले व्यापारी श्याम मोहन गुप्ता की बेटी आरुषि गुप्ता ने लगातार हाईस्कूल के बाद इंटरमीडिएट की सीबीएसई बोर्ड की परीक्षा में जिले की मेरिट में सातवां स्थान लाकर परिवार व क्षेत्र का नाम रोशन किया। वहीं इस खुशी में परिवार के लोगों ने मिष्ठान खिलाकर व फूलमाला पहनाकर छात्रा का उत्साहवर्द्धन किया।
आरुषि गुप्ता शुरुआत से ही पढ़ने में तेज थी। जिसका जवाहर नवोदय विद्यालय में सिलेक्शन हो गया था। कक्षा 6 में दाखिले के साथ उसने अपने पढ़ाई के करियर में तेजी पकड़ी। इसके बाद वहां से उसने हाईस्कूल की परीक्षा उत्तीर्ण की। हाल ही में सीबीएसई के घोषित हुए इंटरमीडिएट के परीक्षा परिणाम में आरुषि गुप्ता ने 94.3 प्रतिशत अंक लाकर जिले की मेरिट में सातवां स्थान पाया तो वहीं जवाहर नवोदय विद्यालय में कॉलेज में दूसरा स्थान पाया और तो और गेल इंडिया द्वारा सुपर 30 उत्तर प्रदेश स्तर की परीक्षा भी आरुषि गुप्ता ने उत्तीर्ण की। सुपर 30 परीक्षा के तहत पास होने वाले विद्यार्थियों को आईआईटी जेईई की तैयारी निःशुल्क कराई जाती है। जहां विद्यार्थी को रहने के लिए हॉस्टल और बेहतर शिक्षण कार्य प्रदान किया जाता है। आरुषि गुप्ता ने बताया कि उनकी प्रेरणा उनके माता-पिता बने जो उनको हमेशा पढ़ाई के लिए प्रेरित करते थे। इसके साथ ही उनकी आवश्यकताओं में कभी कमी नहीं आने देते थे और हमेशा सपोर्ट करते थे। उन्होंने बताया कि आईआईटी जेईई की तैयारी करके वह सॉफ्टवेयर इंजीनियर बनना चाहती है। उसके साथ ही आरुषि ने विद्यार्थियों को जागरुक करते हुए कहा कि लक्ष्य बनाकर पढ़ाई करें तो कभी भी उनको मायूसी नहीं मिलेगी बल्कि सफलता हाथ आएगी। उनके पिता श्याम मोहन गुप्ता कस्बे के लहरापुर मार्ग पर एक छोटी सी किराने की दुकान चलाते हैं जिससे ही वह बेटी की आगे पढ़ाई व परिवार का खर्च उठाते हैं। बेटी को काबिल और कामयाब बनाने के लिए वे प्रतिबद्ध हैं। बेटियां अभिशाप नहीं अभिमान हैं लोगों को उनकी शिक्षा पर ज़ोर देना चाहिए।











