रसूलाबाद कानपुर देहात। थाना क्षेत्र के जोत गांव निवासी भोलू सिंह (27) पुत्र धीरेंद्र सिंह ने संदिग्ध परिस्थितियों घर के अंदर गमछे के सहारे फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की जानकारी होते ही परिवार में चीख पुकार मच गई और ग्रामीणों की भीड़ मौके पर एकत्र हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। भोलू सिंह दिल्ली में रहकर शटरिंग लगाने का काम करता था। गांव के बाहर उनका मकान बना हुआ था। परिजनों के अनुसार दिल्ली में रुपयों के लेनदेन को लेकर गांव के कुछ युवकों से उनका विवाद हो गया था। विवाद के दौरान उनके साथ मारपीट भी हुई थी। जिसके बाद वह सोमवार को घर वापस आ गए थे। मारपीट के बाद वह काफी तनाव में रहने लगा था और कम बातचीत कर रहे थे। ग्रामीणों के मुताबिक घटना से पहले भी पैसों के लेन देन को लेकर विवाद की चर्चा हुई थी। यह भी बताया गया कि मारपीट के बाद उन्हें खांसी के साथ खून आने की शिकायत थी। मृतक की मां सुमन लता का पहले ही निधन हो चुका है। बड़े भाई मोनू सिंह और बहन प्रियंका का रो रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों द्वारा दिल्ली में ठेकेदार मोनू कुशवाहा, सोनू कुशवाहा पुत्र रामकिशोर कुशवाहा समेत कुछ लोगों के नाम चर्चा में लिए जा रहे हैं। हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है और अभी तक तहरीर नहीं दी गई है। इंस्पेक्टर शिवनारायण सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।











