कानपुर देहात पुलिस ने अपराध नियंत्रण और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बुधवार को विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर कई आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान अवैध शराब बरामद की गई और वांछित तथा वारंटी अभियुक्तों को पकड़ा गया।
थाना रनियां पुलिस ने प्रांशू उर्फ छोटू निवासी औरैया तथा शिवम पाल निवासी कानपुर नगर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से 8 पेटी अवैध देशी शराब बरामद की। मामले में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई।
थाना मूसानगर पुलिस ने एक मामले में वांछित आरोपी करन निवासी हरदोई को गिरफ्तार किया। वहीं थाना राजपुर पुलिस ने वारंटी आरोपी कुंवरलाल को पकड़कर न्यायालय में पेश किया।
इसके अलावा थाना शिवली पुलिस ने गौवध से जुड़े मामले में आरोपी राजू बंजारा निवासी औरैया को गिरफ्तार कर आवश्यक कार्रवाई की।
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने अकबरपुर, रूरा, गजनेर, राजपुर, सिकंदरा, डेरापुर, रसूलाबाद और शिवली थाना क्षेत्रों में कुल 17 लोगों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई भी की।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराधियों और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कार्रवाई की जाएगी।











