पुखरायां कानपुर देहात – भोगनीपुर तहसील क्षेत्र के साजहांपुर स्थित जैनपुर बिजली घर से गौरीकरन ग्राम के लिए गई विद्युत लाइन का एक खंभा टूट जाने के कारण पिछले एक सप्ताह से दर्जनों किसानों के ट्यूबवेलों की बिजली सप्लाई ठप पड़ी हुई है। बिजली विभाग की लापरवाही के चलते किसानों की मूंग और उड़द की फसलें सूखने लगी हैं, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
ग्रामीणों ने बताया कि जैनपुर फीडर से गौरीकरन सहित देवब्रह्मापुर, वायपुर और ततारपुर आदि गांवों के ट्यूबवेलों को बिजली सप्लाई दी जाती है, लेकिन खंभा टूटने के बाद से अब तक विभाग द्वारा कोई मरम्मत कार्य नहीं कराया गया। इससे लगभग दर्जनों ट्यूबवेल बंद पड़े हैं और किसानों को सिंचाई के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
किसानों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद विभागीय अधिकारी समस्या पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। वहीं लाइनमैन पर पैसे मांगने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने कहा कि पैसा न देने के कारण जानबूझकर सप्लाई बहाल नहीं की जा रही है।
समस्या से परेशान किसानों ने जिलाधिकारी से गुहार लगाते हुए जल्द बिजली सप्लाई चालू कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो उनकी पूरी फसल बर्बाद हो जाएगी।
ग्रामीण संदीप कटियार, दीपू यादव, दीपक कटियार, गंगा प्रसाद कठेरिया, बीरेन कटियार, सुरेंद्र कुमार, रामपाल, महावीर, गौतम, गंगा प्रसाद और कालीचरण सहित अन्य किसानों ने बताया कि वे पिछले एक सप्ताह से परेशान हैं, लेकिन कोई भी अधिकारी उनकी सुनवाई नहीं कर रहा है।













