रसूलाबाद कानपुर देहात। रसूलाबाद क्षेत्र के अंतर्गत कस्बा कहिंजरी के ग्राम नारायनपुर में बुधवार को दोपहर आकाशीय बिजली गिरने से दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। भौतरी गांव निवासी राज बहादुर कुशवाहा की 20 वर्षीय पुत्री रुचि की बिजली की चपेट में आने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में उसके साथ चर रहीं 36 बकरियां भी झुलसकर मर गईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रतिदिन की भांति रुचि आज भी बकरियां चराने खेतों में गई थी। दोपहर करीब 2:00 बजे अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के दौरान तेज गर्जना और कड़क के साथ कड़ाकेदार बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आने से रुचि और पूरा बकरियों का झुंड आ गया। रुचि की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। रुचि के परिवार में रुचि की मां, एक भाई सनी और विवाहित बहन रेखा है।सूचना पर नायब तहसीलदार, क्षेत्रीय लेखपाल और पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। लेखपाल द्वारा मृत बकरियों की गिनती कर नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रशासन ने पीड़ित परिवार को दैवीय आपदा राहत कोष के तहत हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है। गांव में हादसे के बाद मातम का माहौल है। वहीं परिजनों का भी रो-रो कर बुरा हाल हो गया।









