कानपुर देहात। कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के उद्देश्य से रिजर्व पुलिस लाइन्स परेड ग्राउंड में दंगा नियंत्रण एवं बलवा ड्रिल का पूर्वाभ्यास कराया गया। यह अभ्यास पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
ड्रिल के दौरान कानपुर देहात के समस्त थानों एवं पुलिस लाइन्स में तैनात पुलिसकर्मियों को दंगा-फसाद जैसी स्थिति में कम से कम बल प्रयोग करते हुए भीड़ को नियंत्रित करने का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही बॉडी प्रोटेक्टर, टियर गैस, एंटी-राइट गन सहित सुरक्षा उपकरणों के सही उपयोग एवं संयम बनाए रखने की जानकारी दी गई।
मॉक ड्रिल में पुलिस बल को दो टीमों में विभाजित किया गया, जिसमें एक टीम ने बलवा करने वालों की भूमिका निभाई जबकि दूसरी टीम ने स्थिति को शांतिपूर्ण तरीके से नियंत्रित करने का प्रदर्शन किया। अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को किसी भी आकस्मिक स्थिति में सतर्क रहकर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
यह अभ्यास कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने, जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा समाज में सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण स्थापित करने के उद्देश्य से किया गया। इस दौरान प्रतिसार निरीक्षक सहित विभिन्न शाखाओं में तैनात पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।











