कानपुर देहात। सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में विशेष ड्रंक एंड ड्राइव अभियान चलाया गया। अभियान के तहत यातायात पुलिस और थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की।
पुलिस उपाधीक्षक यातायात के नेतृत्व में थाना अकबरपुर क्षेत्र के 12 टोल प्लाजा पर रात्रि 8 बजे से 11 बजे तक सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान संदिग्ध वाहनों को रोककर ब्रीथ एनालाइजर से चालकों की जांच की गई।
अभियान में कुल 620 वाहनों की जांच की गई, जिसमें यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 27 वाहनों के चालान किए गए तथा 3 वाहनों को सीज कर दिया गया। नशे की हालत में वाहन चलाते पाए गए चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। पुलिस ने आमजन से अपील की कि वे शराब पीकर वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें।










