
कानपुर देहात। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उ०प्र० राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में शनिवार को जनपद न्यायालय परिसर कानपुर देहात में राष्ट्रीय लोक अदालत एवं आर्बिट्रेशन की विशेष लोक अदालत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ न्यायमूर्ति सुभाष चन्द्र शर्मा, प्रशासनिक न्यायाधीश कानपुर देहात द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष रविन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय कल्पना, मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण की पीठासीन अधिकारी शाज़िया नज़र जैदी सहित सभी न्यायिक अधिकारी, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य चिकित्साधिकारी, अधिवक्ता एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। संचालन सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नूपुर श्रीवास्तव एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वितीय रवीना द्वारा किया गया।
लोक अदालत में विभिन्न न्यायालयों में लंबित मामलों का त्वरित निस्तारण किया गया। मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण में 45 मामलों का निस्तारण करते हुए 4 करोड़ 73 लाख 94 हजार रुपये की क्षतिपूर्ति दिलाई गई। परिवार न्यायालय में 57 मामलों का समाधान हुआ तथा 12 वैवाहिक जोड़ों को साथ रहने के लिए विदा किया गया। बैंक एवं वित्तीय संस्थाओं के 11,252 रिकवरी वादों में से 929 मामलों का निस्तारण करते हुए 9 करोड़ 44 लाख रुपये की वसूली की गई।
जनपद की छह तहसीलों समेत कानपुर नगर की घाटमपुर और बिल्हौर तहसीलों में भी लोक अदालत आयोजित की गई, जहां कुल 28,669 मामलों का निस्तारण किया गया। पूरे जनपद में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में कुल 2 लाख 53 हजार 908 वादों का निस्तारण हुआ तथा 14 करोड़ 50 लाख 96 हजार 141 रुपये अर्थदंड एवं क्षतिपूर्ति के रूप में वसूल किए गए।
इस अवसर पर प्रशासनिक न्यायाधीश सुभाष चन्द्र शर्मा ने “वन नेशन वन प्रोडक्ट एवं वन नेशन वन कुज़ीन” योजना के अंतर्गत जिला कारागार के बंदियों द्वारा तैयार हस्तशिल्प उत्पादों एवं जिला उद्योग विभाग की प्रदर्शनी का फीता काटकर शुभारंभ किया। साथ ही जिला विधिक सेल्फी प्वाइंट का उद्घाटन कर सफल वैवाहिक जोड़ों को मिठाई खिलाकर आशीर्वाद भी प्रदान किया।
न्यायमूर्ति सुभाष चन्द्र शर्मा के सफल निर्देशन, जनपद न्यायाधीश रविन्द्र सिंह के मार्गदर्शन तथा सचिव नूपुर श्रीवास्तव के कुशल संचालन में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।











