कानपुर देहात। अपराध एवं वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना राजपुर पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की एक पल्सर मोटरसाइकिल, एक अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सलेमपुर बंबा मोड़ के पास एक संदिग्ध युवक चोरी की बाइक के साथ घूम रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम संजीव दुबे उर्फ मोहित दुबे उर्फ संजीत दुबे निवासी ओम नगर, थाना कोतवाली, जनपद औरैया बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 315 बोर का अवैध तमंचा और दो कारतूस बरामद हुए। बरामद पल्सर मोटरसाइकिल के संबंध में आरोपी ने बताया कि उसने इसे कन्नौज जिले से चोरी किया था। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि वह चोरी की मोटरसाइकिलों को बेचकर अपना खर्च चलाता है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया है। आरोपी पर पहले से ही लूट, चोरी, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत कई संगीन मामले दर्ज हैं।













