कानपुर देहात। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 के दृष्टिगत वीवीआईपी एवं वीआईपी भ्रमण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस लाइन कानपुर देहात में आयोजित पांच दिवसीय टीओटी प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुक्रवार को समापन हो गया।
यह प्रशिक्षण 04 मई से 08 मई 2026 तक पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद के पर्यवेक्षण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न थानों एवं इकाइयों से चयनित पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को वीवीआईपी ड्यूटी में अपनाई जाने वाली सुरक्षा प्रक्रियाओं, रूट चार्ट, एस्कॉर्ट ड्यूटी, एंटी-सबोटाज चेकिंग, भीड़ नियंत्रण, आपातकालीन प्रतिक्रिया और आपसी समन्वय से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। साथ ही डेमो और प्रायोगिक अभ्यास के जरिए सुरक्षा व्यवस्था के विभिन्न पहलुओं को व्यवहारिक रूप से समझाया गया।
पुलिस विभाग के अनुसार इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य प्रशिक्षित कर्मियों के माध्यम से अन्य पुलिसकर्मियों को भी प्रशिक्षित कर जनपद में मजबूत एवं प्रभावी सुरक्षा तंत्र विकसित करना है, जिससे किसी भी वीवीआईपी कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बेहतर ढंग से संचालित की जा सके।
प्रशिक्षण पूर्ण होने पर प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। इस दौरान क्षेत्राधिकारी संजय गुप्ता, प्रतिसार निरीक्षक प्रेमचन्द्र शुक्ला, वीआईपी सेल निरीक्षक देवेन्द्र कुमार, टीओटी प्रशिक्षक निरीक्षक संजीव कुमार सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।













