जल्द बनेगा रेडक्रॉस सोसाइटी का अपना भवन, सेवा कार्यों को मिलेगा नया विस्तार
जालौन विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी, सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा एवं जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने रेडक्रॉस आंदोलन के संस्थापक हेनरी ड्यूनांट के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम के दौरान आयोजित रक्तदान शिविर में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। डॉ. ममता स्वर्णकार ने 59वीं बार रक्तदान कर समाज को प्रेरणादायी संदेश दिया। वहीं लक्ष्मण दास बाबानी, राकेश कुशवाहा, गरिमा पाठक, बलबीर सोनी और अब्दुल करीम ने भी रक्तदान किया।
इस अवसर पर रेडक्रॉस सोसाइटी द्वारा उत्कृष्ट सेवाभावी कार्य करने वाले सदस्यों को सम्मानित किया गया तथा क्षय रोगियों को 10 निक्षय पोषण पोटलियों का वितरण किया गया। साथ ही रेडक्रॉस सोसाइटी में नए सदस्यों को भी शामिल किया गया, जिनमें प्रदीप महतवानी, प्रद्युम्न सिंह कंथरिया, मनीष शंकर अग्रवाल, यशमीन एवं अली जाफर प्रमुख रहे।
जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी ने कहा कि रेडक्रॉस मानवता, करुणा और सेवा का प्रतीक है तथा इसके स्वयंसेवक निस्वार्थ भाव से जरूरतमंदों की सहायता में सदैव तत्पर रहते हैं।
सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा ने कहा कि विश्व रेडक्रॉस दिवस संकट की हर घड़ी में मानवता की सेवा का संदेश देता है और समाज को एक-दूसरे के सहयोग के लिए प्रेरित करता है।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि रेडक्रॉस सोसाइटी के सेवा कार्यों को और सशक्त बनाने के लिए एक माह के भीतर सोसाइटी के अपने भवन के निर्माण की दिशा में कार्य प्रारंभ कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि लगभग पांच हजार वर्गफीट क्षेत्रफल में बनने वाला यह भवन सामाजिक एवं मानवीय गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा।
इस अवसर पर डॉ. नरेश वर्मा, सीएमएस आनंद उपाध्याय, रामशरण जाटव, अलीम सर, शांति स्वरूप महेश्वरी, महावीर तरसौलिया, अखिलेश नगाईच, डॉ. अर्चना विश्वास, शहर काजी शकील बेग रहमानी, शहर इमाम हकीम खालिद रहमानी सहित स्वास्थ्य विभाग एवं समाजसेवा से जुड़े अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।













