कानपुर देहात – जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में मा० मुक्तेश्वरी देवी सभागार, कलेक्ट्रेट परिसर में भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना तथा उससे पूर्व स्व-गणना (Self Enumeration) के सफल क्रियान्वयन हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय एवं मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल सहित जनपद के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे। बैठक में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया गया कि स्व-गणना का कार्य 07 मई 2026 से 21 मई 2026 के मध्य संचालित किया जाएगा। इस अवधि में कोई भी नागरिक स्वयं एवं अपने परिवार के सदस्यों की जानकारी ऑनलाइन पोर्टल, मोबाइल के माध्यम से दर्ज कर सकता है। यह व्यवस्था नागरिकों की सुविधा एवं पारदर्शिता को बढ़ाने हेतु लागू की जा रही है। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी विभागाध्यक्ष अपने अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों की शत-प्रतिशत स्व-गणना सुनिश्चित कराएं तथा उन्हें इसके लिए प्रेरित करें। साथ ही जनपद के सभी माननीय जनप्रतिनिधियों की स्व-गणना भी समयबद्ध रूप से कराना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है। अतः प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाए। ग्राम सचिवालयों पर स्व-गणना हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। ग्राम प्रधानों एवं पंचायत सहायकों की बैठक कर उन्हें जिम्मेदारियां सौंपी जाएं। स्कूलों में रैली, संगोष्ठी एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को प्रेरित किया जाए। जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि विद्यालयों के माध्यम से स्व-गणना के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाए, जिससे अधिक से अधिक परिवार इस प्रक्रिया में भाग लें। स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया गया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्तर पर भी नागरिकों को स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि डिजिटल संसाधनों से वंचित लोग भी इस प्रक्रिया में सम्मिलित हो सकें।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि जनगणना के अंतर्गत भरी गई समस्त सूचनाएं पूर्णतः गोपनीय होती हैं तथा किसी भी व्यक्ति को अपने दस्तावेज, ओटीपी अथवा अन्य व्यक्तिगत जानकारी किसी अनधिकृत व्यक्ति के साथ साझा करने की आवश्यकता नहीं है। नागरिक केवल अधिकृत पोर्टल,se.census.gov.in के माध्यम से ही अपनी जानकारी दर्ज करें। जिलाधिकारी ने समस्त उपजिलाधिकारियों एवं अधिशासी अधिकारियों को अपने-अपने कार्यालयों में जनगणना हेल्प डेस्क स्थापित करने के निर्देश दिए, जिससे आमजन को किसी प्रकार की कठिनाई होने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके। इसके अतिरिक्त, जनपद की एनआईसी वेबसाइट kanpurdehat.nic.in पर भी जनगणना से संबंधित सभी आवश्यक जानकारी, दिशा-निर्देश एवं सहायता सामग्री उपलब्ध कराई गई है, जिसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनगणना कार्य को समयबद्ध, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ढंग से सम्पन्न कराना सुनिश्चित करें तथा नियमित मॉनिटरिंग एवं समीक्षा करते रहें। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दुष्यंत कुमार मौर्य, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) दिग्विजय सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ० ए.के. सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक, जनगणना जनपद नोडल अधिकारी वर्तिका गुप्ता सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।








