शिक्षामित्रों के मानदेय वृद्धि के उपलक्ष्य में शिक्षामित्र सम्मान समारोह कार्यक्रम का हुआ आयोजन

 

उत्तर प्रदेश के  मुख्यमंत्री  की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम के सजीव प्रसारण को देखा गया।

कैबिनेट मंत्री राकेश सचान द्वारा शिक्षामित्रों को प्रतीकात्मक चेक देकर किया गया सम्मानित।

जनपद के 1754 शिक्षामित्रों को बढ़े मानदेय का मिलेगा लाभ।

कानपुर देहात  उत्तर प्रदेश के  मुख्यमंत्री  की अध्यक्षता में शिक्षामित्रों के मानदेय में वृद्धि (रू0 10,000 से बढ़ाकर रू0 18,000 प्रतिमाह) के उपलक्ष्य में आयोजित शिक्षामित्र सम्मान समारोह कार्यक्रम के सजीव प्रसारण का जनपद कानपुर देहात में इको पार्क, माती में भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में  कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, विधायक रसूलाबाद पूनम संखवार, जिलाध्यक्ष भाजपा रेणुका सचान सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, जिलाधिकारी कपिल सिंह, पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय, मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल एवं संबंधित अधिकारीगण, शिक्षामित्र व शिक्षकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के प्रारंभ में कैबिनेट मंत्री राकेश सचान द्वारा विभागीय स्टालों का अवलोकन कर शिक्षामित्रों का उत्साहवर्धन किया गया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। तत्पश्चात दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिनकी सभी उपस्थित जनों द्वारा सराहना की गई। कार्यक्रम के अंतर्गत माननीय जनप्रतिनिधियों एवं जिलाधिकारी द्वारा शिक्षामित्रों को प्रतीकात्मक चेक वितरित कर सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने कहा कि जनपद के 1754 शिक्षामित्रों को मानदेय वृद्धि का लाभ प्राप्त होगा, जिससे उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आएगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। पूर्व में शिक्षामित्रों का मानदेय रू0 10,000 किया गया था, जिसे अब बढ़ाकर रू0 18,000 किया गया है। साथ ही शिक्षामित्रों को कैशलेस सुविधा भी प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि स्कूल चलो अभियान के प्रभाव से विद्यालयों में नामांकन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है तथा डीबीटी के माध्यम से अभिभावकों के खातों में सीधे धनराशि हस्तांतरित की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश के विद्यालयों में 19 पैरामीटर पर कायाकल्प कार्य किया गया है, जिसके अंतर्गत जनपद कानपुर देहात के लगभग 98 प्रतिशत विद्यालयों का कायाकल्प पूर्ण हो चुका है। उन्होंने शिक्षामित्रों से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने का आह्वान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर  विधायक रसूलाबाद पूनम संखवार ने अपने संबोधन में कहा कि यह एक ऐतिहासिक निर्णय है, जो सरकार की संवेदनशीलता एवं शिक्षामित्रों के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने शिक्षामित्रों से विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने की अपील की। जिलाधिकारी कपिल सिंह ने कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कहा कि शासन द्वारा बढ़ाए गए मानदेय का समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित कराया जाएगा तथा शिक्षामित्रों को अन्य अनुमन्य लाभ भी उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने शिक्षामित्रों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे शासन के निर्देशों एवं मार्गदर्शन के अनुरूप बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार तिवारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अजय मिश्र सहित समस्त खंड शिक्षाधिकारी, शिक्षामित्र एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें