रसूलाबाद कानपुर देहात। नगर में टूटी नाली व सड़कों का निर्माण होगा। विकास कार्यों में हीला हवाली नहीं बरती जाएगी। लोगों की समस्याओं के निस्तारण के लिए कार्यालय में भी बैठकर समस्याओं को सुना करूंगी। यह बात ईओ डॉ. अनामिका सिंह ने कही।
नगर पंचायत रसूलाबाद में नवनियुक्त अधिशासी अधिकारी डॉ. अनामिका सिंह ने पदभार ग्रहण कर लिया है। इससे पहले वे अलीगढ़ जनपद के जमा सिकंदरपुर नगर पंचायत में इसी पद पर तैनात थीं।
पदभार संभालते हुए डॉ. अनामिका सिंह ने कहा कि उनकी प्राथमिकता जनता के हितों से जुड़े कार्यों को तेजी से पूरा करना होगा। खास तौर पर कस्बे में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराया जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि नगर को हरा-भरा बनाने के लिए व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। साथ ही, कस्बे की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।









