कानपुर देहात – कानपुर देहात के भोगनीपुर तहसील क्षेत्र अंतर्गत कस्बा पुखरायां के पटेल चौक पर एनएचआई अधिकारियों की कथित लापरवाही एक बार फिर भारी पड़ गई। सड़क निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा इंतज़ामों की कमी के चलते एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें एक नवयुवक की मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पोखराया निवासी कन्हैया कश्यप सड़क पार कर रहे थे, तभी अचानक रोंग साइड से तेज़ रफ्तार में आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि जब से नेशनल हाईवे का निर्माण कार्य शुरू हुआ है, तब से अब तक एक दर्जन से अधिक लोगों की सड़क हादसों में जान जा चुकी है। इसके बावजूद एनएचआई के जिम्मेदार अधिकारी न तो बैरिकेडिंग करवा रहे हैं और न ही किसी प्रकार के चेतावनी संकेत या सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं।
घटना के बाद राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर भोगनीपुर थाना पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
स्थानीय लोगों ने इस घटना को लेकर गहरा रोष व्यक्त किया है और एनएचआई अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।












