कानपुर देहात। यातायात नियमों के उल्लंघन पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ा अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय एवं अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद के निर्देशन में, क्षेत्राधिकारी यातायात राजीव सिरोही के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक यातायात विवेक कुमार के नेतृत्व में यह अभियान संचालित किया गया।
अभियान के दौरान आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, तीन सवारी न बैठाने, चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने की सख्त हिदायत दी गई।
इसके साथ ही राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध रूप से संचालित टेम्पो, ई-रिक्शा, मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न और हूटर के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। यातायात निदेशालय, उत्तर प्रदेश के निर्देशन में चलाए गए दो दिवसीय विशेष अभियान के तहत मॉडिफाइड साइलेंसर के 13, प्रेशर हॉर्न के 71 और हूटर के 3 चालान किए गए, जबकि 52 ऑटो और ई-रिक्शा सीज किए गए।
जनपद स्तर पर कुल 410 वाहनों का चालान किया गया और ₹7,53,000 का समन शुल्क वसूला गया। इसके अलावा विभिन्न थानों द्वारा भी कार्रवाई करते हुए मॉडिफाइड साइलेंसर के 14 चालान तथा 35 ई-रिक्शा सीज किए गए।
यातायात पुलिस द्वारा विभिन्न स्थानों पर पंपलेट वितरित कर वाहन चालकों को जागरूक भी किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।









