कानपुर देहात में पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय और अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद ने पदोन्नति प्राप्त अधिकारियों व कर्मचारियों का सम्मान करते हुए उनके कंधों पर नए पद के स्टार लगाए। पुलिस कार्यालय की अपराध शाखा में आयोजित कार्यक्रम में निरीक्षक संजय गुप्ता को सर्किल ऑफिसर (क्षेत्राधिकारी) पद पर पदोन्नत किया गया।
वहीं चालक मुख्य आरक्षी महिपाल सिंह, करुणेश मिश्रा और मुख्य आरक्षी संतोष यादव को सहायक उपनिरीक्षक पद पर पदोन्नति मिलने पर सम्मानित किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यह पदोन्नति उनके उत्कृष्ट कार्य, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने सभी से अपेक्षा जताई कि वे आगे भी ईमानदारी और निष्ठा के साथ जनसेवा व कानून-व्यवस्था को मजबूत करने में योगदान देंगे।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी संजय कुमार सिंह, प्रतिसार निरीक्षक प्रेमचन्द्र शुक्ला सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे और सभी ने पदोन्नत साथियों को शुभकामनाएं दीं।









