कानपुर देहात। अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मंगलपुर पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने के एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पुरुष व एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 29 अप्रैल 2026 को औरैया जनपद के दिबियापुर थाना क्षेत्र निवासी राजेन्द्र प्रताप सिंह की तहरीर पर थाना मंगलपुर में मु0अ0सं0 108/2026 धारा 108 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए 1 मई 2026 को झींझक रेलवे स्टेशन के पास खानपुर रोड से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में आकाश सिंह उर्फ सद्दाम (33 वर्ष) निवासी मरहाना थाना डेरापुर, कानपुर देहात तथा निधी देवी (32 वर्ष) निवासी मुरली पुरवा, थाना दिबियापुर, औरैया शामिल हैं। दोनों आरोपी वर्तमान में झींझक क्षेत्र में रह रहे थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिक प्रक्रिया के तहत न्यायालय में पेश कर दिया है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।









