वीर सैनिकों की गौरवगाथाओं का हुआ वाचन, पूर्व सैनिकों के कल्याणार्थ संचालित योजनाओं की दी गई जानकारी
कानपुर देहात। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय, कानपुर देहात के परिसर में ‘वीर गाथा एवं सैनिक सम्मान’ कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य देश की रक्षा में अपना अमूल्य योगदान देने वाले वीर सैनिकों के शौर्य, त्याग एवं बलिदान को नमन करने के साथ-साथ वीर नारियों, पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों के प्रति सम्मान व्यक्त करना तथा उनके कल्याण के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात वीर सैनिकों की गौरवगाथाओं का वाचन किया गया तथा देश की सुरक्षा एवं राष्ट्रसेवा में सैनिकों के योगदान को स्मरण करते हुए उनके अदम्य साहस, समर्पण और बलिदान को नमन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व सैनिकों (ESM) के कल्याणार्थ सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। इसके उपरांत निदेशक, राज्य सैनिक बोर्ड, लखनऊ, ब्रिगेडियर अतुल कुमार, सेना मेडल द्वारा वीर नारियों, पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सैनिक परिवारों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके सम्मान, कल्याण एवं सहयोग के महत्व पर बल दिया गया।
कार्यक्रम में कर्नल एस.पी. सिंह, जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी, कानपुर नगर; कर्नल रोहित भटारा, जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी, कन्नौज; पूर्व सैनिक एवं समाजसेवी कैप्टन राहुल तिवारी; कारगिल युद्ध के अनुभवी कैप्टन रविंद्र; कैप्टन राम स्वरूप पाल तथा हवलदार उमेश बाबू की गरिमामयी उपस्थिति रही। इसके अतिरिक्त नमन सेल के प्रतिनिधि एवं ईसीएचएस (ECHS) के चिकित्सा अधिकारी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने एवं उसके सफल क्रियान्वयन में विंग कमांडर अंकित सक्सेना (अ०प्रा०), जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी, कानपुर देहात की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यालय के समस्त कर्मचारियों एवं पूर्व सैनिकों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। निदेशक, राज्य सैनिक बोर्ड, लखनऊ द्वारा कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं व्यवस्थाओं की सराहना की गई। उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों एवं प्रतिभागियों ने भी आयोजन को सराहनीय बताया।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित यह कार्यक्रम वीर सैनिकों के त्याग एवं बलिदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने तथा वीर नारियों, पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों के सम्मान, कल्याण और मनोबल को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ। कार्यक्रम ने सैनिकों एवं उनके परिवारों के प्रति समाज की जिम्मेदारी और राष्ट्रसेवा के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने का संदेश दिया।












