कानपुर देहात। शिवली थाना पुलिस ने महिला के कान का झाला झपटकर भागने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से झपटा गया पीली धातु का झाला, 315 बोर का अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस और घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में शामिल दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है।
पुलिस के अनुसार, 14 अक्टूबर 2026 को पूर्णचंद्र निवासी मारग मैथा की पत्नी अपने परिवार के साथ एक सगाई समारोह से लौट रही थीं। इसी दौरान बैरी बस्ता के आगे हिंदूपुर मोड़ के पास तीन मोटरसाइकिल सवार युवकों ने महिला के कान का झाला झपट लिया और मौके से फरार हो गए। शिकायत के आधार पर शिवली थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर इंद्रानगर तिराहे के पास मैथा मोड़ से अंकित यादव (21 वर्ष), निवासी उसरिया, थाना रसूलाबाद को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से झपटा गया झाला, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल नंबर यूपी 78 सीएम 3994, अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इसके अलावा तलाशी में एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 250 रुपये भी मिले।
पूछताछ में आरोपी ने घटना में अर्पित यादव निवासी अमरुहिया और अभिषेक यादव निवासी बड़ीकटिका, थाना रसूलाबाद की संलिप्तता बताई। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) बढ़ाई है। अवैध तमंचा और कारतूस मिलने पर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत एक अन्य मुकदमा भी दर्ज किया गया है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को नियमानुसार न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की है। फरार दोनों आरोपियों की तलाश जारी है।












