मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं और बालिकाओं को किया सम्मानित

कानपुर देहात। मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत मंगलवार को कानपुर देहात में महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण को समर्पित भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला, जिलाधिकारी कपिल सिंह, पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय और भाजपा जिलाध्यक्ष रेणुका सचान ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं, बालिकाओं और छात्राओं को सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान बहादुरी और साहस का परिचय देने वाली महिलाओं एवं बालिकाओं, महिला खिलाड़ियों, विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों की मेधावी छात्राओं तथा सराहनीय कार्य करने वाली दिव्यांग महिलाओं और बालिकाओं को सम्मान दिया गया। इसके साथ ही चिकित्सा, शिक्षा और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिला डॉक्टरों, नर्सों, शिक्षिकाओं और सामाजिक संस्थाओं से जुड़ी महिलाओं को भी सम्मानित कर उनके कार्यों की सराहना की गई।
इस अवसर पर महिला सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तीकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया। महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और समाज में सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण बनाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में महिलाओं और बालिकाओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से महिला सशक्तीकरण और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया गया।
मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं की उपलब्धियों को पहचान एवं सम्मान देना, उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना तथा समाज में महिलाओं के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना रहा।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें