एक ही छत के नीचे मिलेगा न्यायिक सहायता और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ

 

1 नवंबर को राजकीय मेडिकल कॉलेज, उरई में लगेगा मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर, तैयारियों को लेकर अधिकारियों की समीक्षा बैठक

जालौन। समाज के जरूरतमंद और वंचित वर्गों को विधिक सहायता उपलब्ध कराने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर दिलाने के उद्देश्य से आगामी 1 नवंबर को राजकीय मेडिकल कॉलेज, उरई में मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर की तैयारियों को लेकर सोमवार को दीवानी न्यायालय, उरई में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक हुई। अपर जिला जज प्रथम एवं शिविर के नोडल अधिकारी सतीश चन्द्र द्विवेदी ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ तैयारियां पूरी करने को कहा।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार न्यायाधीश वीरेन्द्र कुमार सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित होने वाले इस शिविर का उद्देश्य आमजन को विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना है। शिविर में जनपद के विभिन्न विभागों की ओर से अलग-अलग स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां योजनाओं की जानकारी देने, पात्र लाभार्थियों को चिह्नित करने तथा नियमानुसार लाभ उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। नोडल अधिकारी सतीश चन्द्र द्विवेदी ने निर्देश दिए कि सभी विभाग अपने यहां संचालित योजनाओं की सूची तत्काल जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय को उपलब्ध कराएं। साथ ही पात्र लाभार्थियों की पहचान, योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार और शिविर में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए समयबद्ध कार्यवाही की जाए, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों को शिविर का लाभ मिल सके।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव (पूर्णकालिक) मनाली चन्द्रा ने बताया कि शिविर को प्रभावी और जनोपयोगी बनाने के लिए सभी विभागों की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विभाग जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के साथ समन्वय स्थापित करते हुए अपनी तैयारियां पूरी करें, जिससे पात्र लोगों को विधिक सहायता और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर मिल सके।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी न्यायिक शत्रुहन पाठक, जिला कृषि अधिकारी डॉ. गगनदीप सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें