ईको पार्क माती के सामुदायिक भवन में जुटेंगे 500 से अधिक प्रगतिशील, महिला एवं युवा कृषक
कृषि वैज्ञानिक देंगे रबी फसलों, बीज शोधन एवं मिलेट्स की वैज्ञानिक खेती पर तकनीकी मार्गदर्शन
कानपुर देहात। शासन द्वारा संचालित “सेवा संकल्प अभियान” (17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026) के समापन दिवस के अवसर पर सेवा, सुशासन एवं संवाद कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद स्तरीय मिलेट्स महोत्सव एवं रबी गोष्ठी-2026 का भव्य आयोजन दिनांक 17 अक्टूबर 2026 को प्रातः 11:00 बजे से सामुदायिक भवन, ईको पार्क, माती में किया जाएगा।
यह आयोजन जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशन में तथा उप निदेशक कृषि हरीशंकर भार्गव के मार्गदर्शन में संपन्न होगा। कार्यक्रम का उद्देश्य जनपद के कृषकों को आधुनिक कृषि तकनीकों, रबी फसलों के उन्नत प्रबंधन, पोषण सुरक्षा तथा मोटे अनाजों (मिलेट्स) के संवर्धन एवं उपयोगिता के प्रति जागरूक करना है।
कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र के कृषि वैज्ञानिक किसानों को रबी फसलों की उन्नत बुवाई, बीज शोधन, फसल प्रबंधन तथा मिलेट्स की वैज्ञानिक खेती से संबंधित महत्वपूर्ण तकनीकी जानकारी प्रदान करेंगे। कृषकों को अपनी कृषि संबंधी समस्याओं के समाधान हेतु वैज्ञानिकों से सीधे संवाद करने का अवसर भी मिलेगा।
महोत्सव में कृषि, उद्यान, पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने हेतु प्रदर्शनी एवं स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त बाजरा, ज्वार, रागी आदि से तैयार मूल्य संवर्धित उत्पादों की विशेष प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रहेगी, जिससे कृषकों को मोटे अनाजों के उत्पादन, प्रसंस्करण एवं विपणन संबंधी संभावनाओं की जानकारी प्राप्त होगी।
कार्यक्रम में जनपद के सभी विकास खंडों से लगभग 500 प्रगतिशील, महिला एवं युवा कृषकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। इस अवसर पर किसानों को कृषि क्षेत्र में नवीन तकनीकों एवं शासन की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
उप निदेशक कृषि हरीशंकर भार्गव ने कृषि विभाग के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि वे अंतर्विभागीय समन्वय स्थापित करते हुए स्टॉल आवंटन, कृषक प्रतिभागिता एवं अन्य व्यवस्थाओं को समय से पूर्ण कर कार्यक्रम को सफल एवं गरिमामय ढंग से संपन्न कराना सुनिश्चित करें।












